Friday, January 25, 2019

माउंट माउंगानुई में दूसरा वनडे खेलेगा भारत, यहां 350 भी सेफ नहीं

India vs New Zealand Mount Maunganui Records: भारतीय टीम दूसरा और तीसरा वनडे माउंट माउंगानुई में ही खेलेगी. फिलहाल पांच मैचों की वनडे सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है. न्यूजीलैंड की टीम पहले वनडे में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की फिरकी का सामना नहीं कर सकी जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने उसे अच्छी शुरूआत करने से रोका. ऐसे में भारत इस मैच में जीत का प्रबल दावेदार भी होगा.  माउंट माउंगानुई के 'बे ओवल' स्टेडियम की बात करें तो यहां 2014 से अब तक 7 वनडे इंटरनेशनल खेले जा चुके हैं. लेकिन टीम इंडिया के लिए यहां की पिच बिल्कुल नई है.

इस मैदान पर टीम इंडिया पहली बार उतरेगी. न्यूजीलैंड की बात करें, तो यहां उसे 6 में से 3 में जीत मिली है. माउंट माउंगानुई में इसी महीने न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ अपने पिछले दोनों मुकाबले जीते हैं. माउंट माउंगानुई की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है और यहां काफी रन बनते हैं. इस महीने की शुरुआत में ही न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच यहां दो वनडे मैच खेले गए थे. न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच 3 जनवरी को हुए वनडे मैच में कीवी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 371 रन बना दिए थे, जिसमें मार्टिन गप्टिल की 138 रनों की पारी शामिल थी.

पंड्या-राहुल का निलंबन हटा, न्यूजीलैंड दौरे पर जाएंगे हार्दिक

इसके अलावा 5 जनवरी को हुए वनडे मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 319 रन बना दिए थे. जवाब में श्रीलंकाई टीम ने तिसारा परेरा की 74 गेंदों में 140 रनों की पारी के दम पर कीवी टीम को कड़ी टक्कर दी थी. ऐसे में इस मैदान पर 300-350 रन का लक्ष्य भी आसानी से हासिल किया जा सकता है. भारत ने वर्ल्ड कप से पहले अभी बल्लेबाजी में मिडिल ऑर्डर तय नहीं किया है, लेकिन एक मैच के बाद प्लेइंग इलेवन में बदलाव की उम्मीद कम ही है. हार्दिक पंड्या निलंबन हटने के बाद न्यूजीलैंड रवाना हो चुके हैं और तीसरे मैच के लिए उपलब्ध हो सकते हैं.

माओरी आदिवासियों ने टीम इंडिया का किया अनोखा स्वागत

टीम प्रबंधन ने मैक्लीन पार्क पर ऑलराउंडर विजय शंकर को उतारा, लेकिन हालात को देखते हुए रवींद्र जडेजा की वापसी संभव है. वहीं नेपियर में 23 गेंद में नाबाद 13 रन बनाने वाले अंबति रायडू को एक और मौका मिल सकता है. भारत के लिए राहत का सबब सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का फॉर्म में लौटना रहा जो ऑस्ट्रेलिया में उतने कामयाब नहीं रहे.

धवन ने नेपियर में नाबाद 75 रन बनाए. कोहली को 28 जनवरी को होने वाले तीसरे वनडे के बाद ब्रेक दिया जाएगा जिससे प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकते हैं. शुभमान गिल को मौका दिया जा सकता है. न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ पिछली घरेलू सीरीज 4-0 से जीती थी, लेकिन इस सीरीज में उसने अपने खेल में सुधार नहीं किया तो नतीजा उल्टा हो सकता है.

Thursday, January 17, 2019

राम रहीम की सजा पर विशेष अदालत में बहस पूरी, जज आधे घंटे बाद सुनाएंगे फैसला

पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या मामले में गुरमीत राम रहीम समेत सभी चार दोषियों की सजा पर सीबीआई की विशेष अदालत में बहस पूरी हो गई। जज जगदीप सिंह आधे घंटे बाद फैसला सुनाएंगे। सीबीआई ने राम रहीम को फांसी की सजा देने की मांग की है। थोड़ी देर में कोर्ट अपना फैसला सुना सकती है। कोर्ट ने बीते शुक्रवार को राम रहीम, निर्मल, कुलदीप और किशन लाल को दोषी करार दिया था। राम रहीम इस वक्त दो साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। आज सभी दोषियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी होगी।

राम रहीम को हो सकती है कम से कम उम्रकैद की सजा 
कोर्ट ने राम रहीम और किशन लाल को आईपीसी की धारा 120बी, 302 का दोषी ठहराया। वहीं, कुलदीप और निर्मल को 120बी, 302 और आर्म्स एक्ट का दोषी ठहराया है। धारा 302 में कम से कम उम्रकैद और ज्यादा से ज्यादा फांसी की सजा हो सकती है। फैसले के बाद पत्रकार छत्रपति के बेटे अंशुल ने राम रहीम को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की थी।

रामचंद्र के जरिए ही यौन शोषण मामला सामने आया था
साध्वी यौन शोषण मामले में जो लेटर लिखे गए थे, उन्हीं के आधार पर रामचंद्र ने अपने अखबार में खबरें प्रकाशित की थीं। छत्रपति पर पहले दबाव बनाया गया। जब वे धमकियों के आगे नहीं झुके तो 24 अक्टूबर 2002 को उन पर हमला कर दिया गया। 21 नवंबर 2002 को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी।

ऐसे दिया गया था पत्रकार की हत्या को अंजाम
24 अक्टूबर 2002 को बाइक पर आए कुलदीप ने गोली मारकर रामचंद्र की हत्या कर दी थी। उसके साथ निर्मल भी था। जिस रिवॉल्वर से रामचंद्र पर गोलियां चलाई गईं, उसका लाइसेंस डेरा सच्चा सौदा के मैनेजर किशन लाल के नाम पर था। कोर्ट ने राम रहीम को हत्या की साजिश रचने का दोषी माना है।

हिंसा भड़कने का डर 
मंगलवार को हरियाणा सरकार ने सीबीआई कोर्ट में याचिका दायर कर सजा की सुनवाई के दौरान राम रहीम की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कराने की मांग की थी। सरकार ने दलील दी थी कि 25 अगस्त 2017 को जब डेरा प्रमुख को साध्वी यौन शोषण मामले में पंचकूला की स्पेशल सीबीआई कोर्ट में लाया गया था तो डेरे के समर्थकों ने दंगा कर दिया था। कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सजा सुनाने की मांग मंजूर कर ली। इसके बाद सुनारिया जेल में अस्थाई कोर्ट बनाने का आदेश दिया गया।

3 जिलों में सुरक्षा कड़ी की गई

फैसले के मद्देनजर पंचकूला, रोहतक और सिरसा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रोहतक में सुनारिया जेल, पंचकूला में सीबीआई कोर्ट और सिरसा में डेरे की सुरक्षा कड़ी कर दी है। रोहतक में इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) की टीम पेट्रोलिंग करेगी। जेल के चारों ओर 10 नाके लगाए हैं। ड्रोन की मदद से भी नजर रखी जाएगी। सिरसा में सीआरपीएफ की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। 38 पुलिस नाके लगाए हैं। पंचकूला में रिजर्व आर्म्ड फोर्स तैनात की है। हाई अलर्ट जारी कर धारा 144 लागू की गई है। जिले में 14 नाके लगाए हैं।

Wednesday, January 9, 2019

शुरुआती कारोबार में मजबूत हुआ बाजार, सेंसेक्‍स में 200 अंकों की बढ़त

एशियाई बाजारों में मजबूती और रुपये में बढ़त की वजह से भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को तेजी देखने को मिली. प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स सुबह 10.22 बजे 193.96 अंकों की बढ़त के साथ 36,174.89 पर और निफ्टी भी लगभग इसी समय 47.10 अंकों की मजबूती के साथ 10,849.25 पर कारोबार करते देखे गए.  इससे पहले कारोबार के शुरुआती मिनटों में सेंसेक्‍स में 200 से ज्‍यादा अंकों की बढ़त देखी गई. 

वहीं मंगलवार को लगातार तीसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार में तेजी का रुख रहा. सेंसेक्‍स 130 अंक चढ़ गया जबकि निफ्टी 10,800 अंक के स्तर से ऊपर निकल गया.  तीन दिन की तेजी में सेंसेक्स 460 से ज्‍यादा अंक चढ़ चुका है.  बता दें कि चीन के शेयर बाजार बुधवार को मजबूती के साथ खुले. शंघाई कंपोजिट सूचकांक 0.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,536.42 पर खुला. समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शेनजियान कंपोनेंट सूचकांक 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,425.63 पर खुला.

रुपया 15 पैसे मजबूत

भारतीय मुद्रा रुपये में डॉलर के मुकाबले पिछले सत्र से बढ़त देखी गई. रुपया बुधवार को डॉलर के मुकाबले पिछले सत्र से 15 पैसे की बढ़त के साथ 70.05 पर खुला. पिछले सत्र में रुपये में कमजोरी आई थी, जिसकी मुख्य वजह अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में आई तेजी रही है. कमोडिटी विश्लेषक बताते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव में तेजी आने से भारत में तेल आयात के लिए ज्यादा डॉलर की जरूरत होगी, इसलिए रुपये पर दबाव आया, हालांकि पिछले सत्र के मुकाबले रुपया थोड़ा संभला है.

उधर, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत का सूचकांक डॉलर इंडेक्स बुधवार को फिर 0.11 नीचे फिसलकर 95.377 के स्तर पर आ गया. दरअसल, इन छह मुद्राओं के समूह में सबसे अधिक भारांक वाली मुद्रा यूरो और आस्ट्रेलियन डॉलर व ब्रिटिश पौंड में डॉलर के मुकाबले मजबूती रही, जबकि जापानी येन में कमजोरी दर्ज की गई.

फिल्म 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना की ओर से LoC के उस पार किए गए सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित है. पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार में हुई सर्जिकल स्ट्राइक की काफी चर्चा हुई थी. सर्जिकल स्ट्राइक के कई वीडियो भी सामने आए थे. अब आर्मी ऑपरेशन के बैकड्रॉप में सच्ची घटना पर आने वाली फिल्म लोगों की दिलचस्पी के केंद्र में है. माना जा रहा है कि ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर निर्माताओं के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है.

शुरुआती हफ्ते में फिल्म के कलेक्शन की अनुमानित रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं. इन फिल्म ट्रेड रिपोर्ट्स की मानें तो पहले दिन ये फिल्म भारतीय बाजार में 3.50 से 4 करोड़ रुपये तक का बिजनेस कर सकती है. बॉलीवुड हंगामा ने अनुमान लगाया है कि पहले वीकेंड में ये फिल्म 12 करोड़ के आसपास कमाई कर सकती है.

क्यों बॉक्स ऑफिस पर चलेगी उरी?

दरअसल, मिलिट्री ड्रामा मूवी के टिकट खिड़की पर अच्छा कारोबार करने की बड़ी वजह फिल्म का सब्जेक्ट है. यूं तो आर्मी बैकड्रॉप पर हर साल कई फिल्में रिलीज होती हैं, लेकिन 'उरी' उन सभी से अलग है. सर्जिकल स्ट्राइक की सच्ची घटना को फिल्म का सब्जेक्ट बनाना ही सबसे बड़ा मास्टरस्ट्रोक है. ये कंटेंट सिनेमाहॉल में दर्शकों की भारी भीड़ जुटाने का दम रखता है. रिपब्लिक डे के मौके पर देशभक्ति में रमे मूवी लवर्स के लिए उरी परफेक्ट ट्रीट है.

Tuesday, January 1, 2019

इस साल बैंकों को लगा 41 हजार करोड़ का चूना, 4 साल में बढ़ी धोखाधड़ी

वैसे तो 2018 में पंजाब नेशनल बैंक के साथ हुए करीब 13 हजार करोड़ रुपये के फ्रॉड की सबसे ज्‍यादा चर्चा हुई लेकिन रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस साल बैंकों को 40 हजार करोड़ रुपये से ज्‍यादा का चूना लग गया. आरबीआई की ओर से जारी आंकड़ों में बताया गया है कि 2017-18 में  बैंकों को करीब 41,167.7 करोड़ रुपये का चूना लगा है. पिछले साल यह आंकड़ा करीब 23,933 करोड़ रुपये था. यानी पिछले साल के फ्रॉड की रकम से 72 फीसदी अधिक है.

आरबीआई की ओर से यह भी बताया गया है कि बीते चार चालों में बैंकों के साथ धोखाधड़ी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है. 2013-14 में 10,170 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले सामने आए थे, जो 2018 में 41,167.7 करोड़ रुपये हो गया है. इस लिहाज से यह 4 गुना ज्‍यादा है.

2017-18 में धोखाधड़ी के 5,917 मामले

2017-18 में ऑफ-बैलेंस शीट ऑपरेशन, विदेशी मुद्रा लेनदेन, जमा खातों और साइबर गतिविधि से संबंधित धोखाधड़ी अहम है. 2017-18 में बैंक धोखाधड़ी के 5,917 मामले थे, जो पिछले वर्ष के 5,076 मामलों के मुकाबले आधी हैं. आंकड़ों में यह भी बताया गया है कि इस साल बैंकों ने सबसे अधिक साइबर धोखाधड़ी के मामले दर्ज किये. 2017-18 में 2,059 मामलों में 109.6 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जबकि पिछले वर्ष 1,372 मामलों के साथ 42.3 करोड़ रुपये था.

40,400 करोड़ का बैड लोन रिकवर किया

बता दें कि हाल ही में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने एक रिपोर्ट में बताया है कि बैंकों ने वित्त वर्ष 2018 में फंसे कर्ज की रिकवरी में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. मार्च 2018 में खत्म वित्त वर्ष में बैंकों ने 40,400 करोड़ रुपये का बैड लोन रिकवर किया है, जबकि पिछले वित्त वर्ष 2017 में 38,500 करोड़ रुपये की रिकवरी हुई थी. इसका श्रेय इन्सॉलवेंसी ऐंड बैंकरप्सी कोड (IBC) और सिक्यॉरिटाइजेशन ऐंड रिकंस्ट्रक्शन ऑफ फाइनैंशल ऐसेट्स ऐंड इंफोर्समेंट ऑफ सिक्यॉरिटी इंटरेस्ट्स (SARFAESI) ऐक्ट में संशोधन को दिया गया है.

आईटीआर फाइलिंग पर 10 हजार का जुर्माना 

अगर आपने वित्त वर्ष 2017-18 के लिए लेट फीस के साथ इनकम टैक्स रिटर्न (आईटीआर) फाइल नहीं किया है तो आपको दोगुनी कीमत चुकानी पड़ सकती है. दरअसल,  31 अगस्‍त तक इनकम टैक्‍स रिटर्न फाइल करना था लेकिन कई लोग चूक गए थे. ऐसे लोगों को 31 दिसंबर यानी आज रात 12 बजे तक 5, 000 रुपये के जुर्माने के साथ रिटर्न फाइल करने का समय दिया गया है. अगर अब भी आप चूक गए तो आपको जुर्माने की नई राशि 10 हजार रुपये देनी पड़ सकती है. यानी आपको अतिरिक्‍त 5 हजार रुपये का नुकसान होगा.

बंद हो जाएगा GST से जुड़ा डिस्‍काउंट

नए साल में आपको प्री-जीएसटी वाली चीजों पर मिलने वाले डिस्‍काउंट का फायदा नहीं मिलेगा. दरअसल, GST लागू होने से पहले वाली चीजों को बेचने की आखिरी तारीख आज यानी 31 दिसंबर है. इसलिए, जिन दुकानदारों के पास पुराने स्टॉक हैं, वह स्टॉक क्लियर करने के लिए ज्यादा डिस्काउंट ऑफर कर रहे हैं.