नई दिल्ली. पुलवामा हमले के 12 दिन बाद भारतीय वायुसेना ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार तड़के 3.50 बजे मिराज-2000 लड़ाकू विमानों ने पाक की सीमा में हमला किया। लेजर गाइडेड छह बम गिराए गए। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हमले में बालाकोट (पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत) में जैश का सबसे बड़ा आतंकी कैम्प तबाह कर दिया गया। इसे मसूद अजहर का साला यूसुफ अजहर चलाता था। हमले में कई आतंकी और जैश के सीनियर कमांडर मारे गए।’’
हमले के बाद प्रधानमंत्री इमरान खान की अध्यक्षता में की गई बैठक के बाद पाकिस्तानी राष्ट्रीय सुरक्षा समिति ने कहा- भारत ने बेवजह भड़काने वाली कार्रवाई की है। अब पाकिस्तान अपने हिसाब से जगह और वक्त तय करके जवाब देगा।
मीडिया रिपोर्ट्स में सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस हमले में 350 आतंकी मारे गए हैं। इनमें 25 ट्रेनर थे। उधर, न्यूज एजेंसी ने वायुसेना के सूत्रों के हवाले से बताया कि बालाकोट के अलावा एलओसी के पार पीओके के मुजफ्फराबाद और चकोटी इलाके में भी बमबारी की गई। 12 मिराज विमानों ने 1000 किलो बम बरसाए। जैश का कंट्रोल रूम अल्फा-3 उड़ा दिया गया। खुफिया सूत्रों ने कहा- बालाकोट में जहां हमला हुआ वहां 200 से ज्यादा एके राइफल, बेहिसाब हैंड ग्रैनेड, डेटाेनेटर और विस्फोटक जमा करके रखा गया था।
बताया जा रहा है कि हमले वाली जगह एलओसी से करीब 50 किलोमीटर दूर है। 14 फरवरी को हुए पुलवामा फिदायीन हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे। जैश-ए-मोहम्मद ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।
वायुसेना ने मसूद के जिस साले यूसुफ को निशाना बनाया वह इंटरपोल की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में था। हमले में मसूद अजहर के भाई तलहा सैफ, कश्मीर में आतंकी कार्रवाइयों में शामिल रहे अम्मार, अजहर खान कश्मीरी और 1999 में आईसी-814 विमान के हाईजैक में शामिल रहे मसूद अजहर के बड़े भाई इब्राहिम अजहर को भी निशाना बनाया गया।
पाक में सक्रिय आतंकियों पर पहली एयर स्ट्राइक
इससे पहले 1971 की जंग और 1999 की कारगिल की जंग के वक्त भारतीय वायुसेना ने इस तरह की कार्रवाई की थी। दाेनों ही मौकों पर भारत की कार्रवाई पाकिस्तान की सेना के खिलाफ थी। किसी आतंकी संगठन के खिलाफ भारत की यह पहली बड़ी एयर स्ट्राइक है। 2016 के उड़ी हमले के बाद भी भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक की थी, लेकिन उसमें वायुसेना की जगह पैराट्रूपर्स को आतंकी कैम्पों को तबाह करने भेजा गया था।
बालाकोट द.एशिया में जिहाद का केंद्र
बालाकोट पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हैं। 2005 में भूकंप के कारण यहां भयंकर तबाही मची थी। इतिहासकार आयशा जलाल के मुताबिक, बालाकोट कई मायनों में दक्षिण एशिया में जिहाद का केंद्र है। बालाकोट कश्मीर के दक्षिण और पूर्व में स्थित खगान घाटी जाने के लिए गेटवे भी है।
विदेश सचिव ने कहा- जैश के कई कमांडर मारे गए
भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विदेश सचिव विजय गोखले ने कहा, "जैश-ए-मोहम्मद ने पुलवामा में हमला किया था। इसमें हमारे 40 जवान शहीद हुए थे। पिछले दो दशक से जैश पाकिस्तान में सक्रिय है।
इसका सरगना मसूद अजहर है जो पाकिस्तान के बहावलपुर में रहता है। भारतीय संसद पर 2001 में और 2016 में पठानकोट एयरबेस पर हमले में इसी आतंकी संगठन का हाथ रहा है।"
"हमने समय-समय पर पाकिस्तान को इसके बारे में जानकारी मुहैया कराई है। पाकिस्तान ने हर बार इससे इनकार किया है। जबकि पाकिस्तान की जानकारी के बिना वहां जिहादी ट्रेनिंग कैम्प्स नहीं चल सकते। पाकिस्तान ने अब तक आतंकियों के ठिकानों को खत्म करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।"
"हमें इंटेलिजेंस से इनपुट मिले थे कि जैश-ए-मोहम्मद भारत में कई फिदायीन हमलों को अंजाम देने वाला है। आज तड़के भारत ने कार्रवाई कर जैश के बालाकोट स्थित सबसे बड़े ट्रेनिंग कैम्प्स पर हमला कर तबाह कर दिया। इसमें जैश के आला कमांडर्स और कई आतंकी मारे गए। मसूद के रिश्तेदार समेत कई आतंकी इसमें मारे गए।"
"थलसेना की मदद के बिना यह कार्रवाई सिर्फ जैश को निशाना बनाने के लिए थी। ये आतंकी कैम्प्स रिहाइशी इलाकों से दूर जंगल के इलाकों में थे।"
"पाकिस्तान सरकार ने 2004 में कहा था कि वह अपनी सरजमीं का इस्तेमाल आतंकियों के लिए नहीं होने देगा। हमें उम्मीद है कि पाकिस्तान अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगा और जैश तथा अन्य संगठनों के अन्य ठिकानों पर कार्रवाई करेगा।"
बालाकोट के पुलिस चीफ सगीर हुसैन शाह ने कहा, ‘‘हमने इलाके में टीमों को भेजा। टीम ने पाया कि किसी भी तरह की जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, क्योंकि जहां बम गिराए गए थे वह खाली मैदान था।’’
अपडेट्स
भारतीय सेना ने गुजरात में कच्छ के अब्दासा गांव में पाकिस्तान का खुफिया ड्रोन मार गिराया।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, सेना प्रमुख बिपिन रावत और वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने एलओसी पर सुरक्षा हालात का जायजा लिया।
विदेश मंत्री सुंषमा स्वराज ने 5:30 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई।
दिल्ली में कल विपक्षी पार्टियों की बैठक होगी। इसमें पुलवामा हमले और भारत की जवाबी कार्रवाई पर चर्चा होगी।
केंद्रीय प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, "नरेंद्र मोदी ने सेना को पूरी छूट दी थी। वायुसेना ने जबरदस्त पराक्रम किया है, उसके लिए उन्हें बहुत बधाई। भारत ने हमले के 100 घंटे के अंदर आतंक के साजिशकर्ताओं कार्रवाई की। फिर पाक का मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा खत्म किया। 200% ड्यूटी लगाई। भारत के पानी को वहां न जाने देने का निर्णय किया। मोदी जी पर लोगों का विश्वास है।"
प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने निवास पर सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक बुलाई।
भारतीय वायुसेना के हवाई हमले के बाद पाक विदेश मंत्रालय ने आपात बैठक बुलाई है।
वायुसेना सूत्रों ने बताया कि पाक के एफ-16 विमानों ने जवाबी कार्रवाई की कोशिश की लेकिन मिराज-2000 लड़ाकू विमान की फॉर्मेशन को देखकर वापस लौट गए। पश्चिमी एयर कमांड ने ऑपरेशन का कोआर्डिनेशन किया।
मिराज ने पाक के प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में एक ठिकाने को तबाह किया। खुफिया एजेंसियों ने इसकी लोकेशन मुहैया कराई थी।
विदेश सचिव विजय गोखले ने अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, तुर्की और चीन समेत पांच एशियाई देशों के राजनयिकों को बुलाकर बालाकोट में भारतीय वायुसेना के हवाई हमले के बारे में जानकारी दी।
भारतीय सेना ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता ट्वीट की, लिखा- तुम हुए विनीत जितना ही, दुष्ट कौरवों ने तुमको कायर समझा उतना ही
No comments:
Post a Comment